चुटका परियोजना के पुनर्विचार हेतु दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
चुटका परमाणु विरोधी संघर्ष समिति ने पत्र का किया स्वागत
मंडला | मध्य प्रदेश: आज नर्मदा यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री तथा मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री को पत्र लिख कर परियोजना पर पुनर्विचार करने हेतु अनुरोध किया है। ज्ञात हो कि विगत 16 फरवरी को नर्मदा यात्रा के दौरान चुटका प्रभावितो का एक दल उनसे मिलकर 1400 मेगावाट की परमाणु परियोजना रद्द करवाने हेतु आग्रह किया था।
पत्र में दिग्विजय सिंह ने संविधान की पांचवी अनुसूची तथा पेसा कानून (आदिवासी क्षेत्र के लिए विशेष व्यवस्था) के उल्लंघन का हवाला देते हुए कहा है कि ग्राम सभाओं की अनुमति नहीं ली गयी है तथा विरोध के बावजूद मुआवजा राशि खाते में डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि नर्मदा आदिवासियों के जीविका का आधार है तथा जलाशय में मत्सयाखेट कर जीवन निर्वाह करते हैं। परियोजना बनने से भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होगी जो वापस नर्मदा में नहीं आयेगा। इससे नर्मदा किनारे बसे सैकड़ों गांव में पेयजल संकट तथा बांध से होने वाली सिंचाई भी प्रभावित होगी। परियोजना भूकम्पीय क्षेत्र में निर्मित होने के खतरे, जैव विविधता पर होने वाले असर तथा परमाणु विकिरण से होने वाले विनाश की ओर प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्य मंत्री का ध्यान आकृष्ट करते हुए चुटका विधुत परियोजना के विषय में पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।
ज्यादा जानकारी के लिए संपर्क करें, दादु लाल कुड़ापे – 9424305836, नव रत्न दुबे – 9425633523