कठपुतली कॉलोनी के निवासियों ने दिया डी.डी.ए. की साज़िश को मुह्तोड़ जवाब।
मुहर्रम पार्क पर डी.डी.ए. द्वारा जबरन कैंप लगाने के बाद, कॉलोनी निवासियों ने की दुसरे जगह पर जनसभा।
पुलिस का कहर है अभी भी जारी, डी.डी.ए. के अधिकारियों के साथ घूमते हुए लोगों को डराना नहीं हुआ है बंद।
कठपुतली कॉलोनी | जनवरी 03, 2017 : आज संघर्ष के 10वें दिन भी डी.डी.ए. के अधिकारियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा और अलग अलग हथकंडों से लोगों की एकता भंग करने के पीछे लगी है। कल शाम को डी.डी.ए. द्वारा जन सभा के स्थल पर कैंप लगाने के बाद लोगों ने आज दूसरे जगह अपनी जनसभा रखने का किया एलान और शांतिपूर्वक, पूरे जोश भरे नारों के साथ सफलतापूर्वक सभा करी। डी.डी.ए. के अधिकारियों को इस बात की पता लगते ही वो वहाँ भी पुलिस बल के साथ पहुंची, जो बिलकुल ही अवांछित था।
आज की जनसभा अपने आप में अनोखी थी जिसमें लोगों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जिसके लिए वो विश्व प्रसिद्द है और संयुक्त राष्ट्र की संस्था भी इनका लोहा मानती है। संगीत, जादूगरी और अन्य कलाओं के प्रदर्शन के बीच लोगों ने अपनी एकता और संघर्ष, और डी.डी.ए. और पुलिस के दवाब के बावजूद संगठित रहने की बात की। इसके साथ ही आज का दिन जनसभा के स्थल में बदलाव होने के बाद भी पूरी सभा लोगों से भरी हुई थी और लगभग 2 घंटे बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्वक चली।
उधर दूसरी तरफ डी.डी.ए. के अधिकारी अभी भी एक एक घर को निशाना बनाते हुए डेमोलिशन का काम पुलिस बल के दवाब में कर रही है। जिसके कारण लोगों का आना-जाना बस्ती में मुश्किल हो गया है और पूरी कॉलोनी एक तरह से बंद छावनी में तब्दील हो गयी है। कॉलोनी का मुख्य रास्ता सुबह से लगभग बंद कर दिया गया था। मुहर्रम पार्क में लगे डी.डी.ए. कैंप में सुबह से पुलिस और अधिकारियों के अलावा कठपुतली निवासियों में से कोई भी नहीं पहुँचा।
कल फिर रोज की तरह कठपुतली कॉलोनी में जनसभा होगी और अधिक से अधिक लोग सभा में अपनी परेशानियाँ जगजाहिर करते हुए अपनी एकता और संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे।
कठपुतली कॉलोनी के निवासियों की एकता और संघर्ष के समर्थन में,
दिल्ली समर्थक समूह, भूमि अधिकार आन्दोलन, जन आंदोलनों का राष्ट्रीय समन्वय व अन्य संगठन।